बस्ती। भानपुर तहसील के दसिया ग्राम में प्रस्तावित जन-विरोधी एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण को रुकवाने के लिए आज समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी भानपुर के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन सौंपा 

स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन का एक अनोखा और बेहद संवेदनशील तरीका अपनाया। अपनी कृषि भूमि, पर्यावरण और बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए आक्रोशित ग्रामीणों ने अपने रक्त (खून) से पत्र लिखकर देश के प्रधानमंत्री को भेजा है। सपा नेता जितेन्द्र यादव ने पत्र में  लिखा कि इससे भूजल का संकट आ सकता है , इस प्लांट के लगने से भारी मात्रा में पानी का दोहन होगा। इससे पहले से ही नीचे जा रहा भूजल स्तर पूरी तरह तबाह हो जाएगा, जिससे किसानों की खेती और आम जनता के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा तथा बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है प्रस्तावित फैक्ट्री से मात्र 200 मीटर की दूरी पर दो सरकारी स्कूल स्थित हैं। प्लांट से निकलने वाले जहरीले धुएं, रसायनों और तीव्र दुर्गंध से मासूम बच्चों तथा आसपास के 14-15 गांवों की जनता के स्वास्थ्य पर जानलेवा असर पड़ेगा। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने बिना किसी स्थानीय जनसुनवाई या ग्रामवासियों की सहमति के इस संवेदनशील इलाके में जबरन निर्माण कार्य शुरू करा दिया है, जो पूरी तरह तानाशाही है।सपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन यदि विकास की कीमत किसानों की उपजाऊ जमीन को उजाड़कर और जनता की जिंदगी दांव पर लगाकर चुकानी पड़े, तो ऐसे विनाशकारी कदम का पूरी ताकत से विरोध किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर फैक्ट्री निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में संजय यादव , राकेश कुमार, अरमान खान, विवेक चौधरी, विकाश यादव, शिवसहाय चौधरी, कमल यादव, रंजीत चौहान, आशीष प्रजापति, मनोज चौहान, शशि जॉन, हितेश कुमार, रजनीश, सहित तमाम लोग उपस्थित रहे