ओमप्रकाश गौतम
गढ़मुक्तेश्वर : चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भूमिका, मतदान के अधिकार तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनके कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उपजिलाधिकारी अशोक सैनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक मतदाता के हाथों में होती है। मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मत का अपना महत्व है और एक जागरूक मतदाता ही सशक्त, पारदर्शी एवं मजबूत लोकतंत्र की नींव रखता है। अशोक सैनी ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने, नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने, पहचान पत्र बनवाने तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां विस्तारपूर्वक प्रदान कीं। उन्होंने विशेष रूप से युवा पीढ़ी को प्रेरित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं को अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने परिवार, गांव एवं समाज के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें तथा चुनाव के समय बिना किसी भय, दबाव, जाति, धर्म अथवा प्रलोभन के निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाने का वास्तविक उद्देश्य केवल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में लोकतांत्रिक जिम्मेदारी एवं मतदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र और अधिक सशक्त बन सकता है।
महाविद्यालय ट्रस्टी चौधरी रेणुका सिंह ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक करना भी महाविद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी तथा सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता की। बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, निष्पक्ष मतदान तथा समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर ट्रस्टी चौधरी रेणुका सिंह, प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार शर्मा,आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर पंकज कुमार शर्मा, विजेंद्र कुमार, तनु शर्मा, सुरेश सिंह, स्वेता शर्मा,दिलशाद अहमद, अब्दुल अली सहित सभी सहायक आचार्य एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
0 Comment