गढ़मुक्तेश्वर: संविधान दिवस के अवसर पर  युवा कल्याण विभाग द्वारा गढ़मुक्तेश्वर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान युवक एवं महिला मंगल दल के सदस्यों के साथ मिलकर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया और युवाओं को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में डॉ. राम मनोहर लोहिया डिग्री कॉलेज और चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

दैनिक तेजयुग न्यूज़
कार्यक्रम के तहत युवाओं और कॉलेज के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपने आस-पास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की और समाज को स्वच्छता का संदेश दिया। इसके पश्चात आयोजित शपथ ग्रहण कार्यक्रम में चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज के खेल प्रशिक्षक सौरभ तोमर ने उपस्थित सभी युवाओं, छात्रों और मंगल दल के सदस्यों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना और उसके मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई।


इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए खेल प्रशिक्षक सौरभ तोमर ने कहा कि "संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और एक जागरूक युवा होने के नाते इसके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। खेल भावना और स्वच्छता दोनों ही हमें अनुशासन और राष्ट्र सेवा का संदेश देते हैं।"

दैनिक तेजयुग न्यूज़
कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रानू धारीवाल, अंजू चौधरी और प्रियंका मुख्य रूप से मौजूद रहीं। अधिकारियों ने छात्रों और युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संविधान हमें न केवल अधिकार देता है, बल्कि देश और समाज के प्रति हमारे कर्तव्यों का भी बोध कराता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवक व महिला मंगल दल के कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने सहभागिता की।