हापुड़, उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेशों के बावजूद हापुड़ देहात क्षेत्र में अवैध खनन और भूमाफियाओं की मनमानी जारी है। स्वर्ग आश्रम रोड स्थित चौराखी के पास बने ऐतिहासिक तालाब पर अवैध कब्जा कर मिट्टी भराव किया जा रहा है।
क्या है मामला?
यह तालाब करीब 22 बीघा में फैला है और करोड़ों की कीमत का बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तालाब में सिंघाड़े बोने का कार्य होता था। साथ ही पिछले करीब 100 वर्षों से यहां मृतक बच्चों को दफनाने की परंपरा रही है। आरोप है कि भू-माफिया इस तालाब को पाटकर कब्जा करना चाहते हैं।
दान की जमीन पर कब्जे का खेल
बताया जाता है कि तगासराय निवासी अमर सिंह त्यागी के परिवार ने यह तालाब मृतक बच्चों को दफनाने के लिए दान दिया था। तालाब में सिंघाड़े बोने के लिए इसे नानक मल उर्फ नानू मल कश्यप को किराए पर दिया गया था। नानू मल के कोई पुत्र नहीं होने के कारण उन्होंने अपने नाती लच्छी कश्यप को गोद ले लिया था। लच्छी भी नानू मल के साथ सिंघाड़े बोता था।
आरोप है कि नानू मल की मृत्यु के बाद भू-माफियाओं ने लच्छी कश्यप को लालच देकर अपने साथ मिला लिया। इसके बाद एक पूर्व मंत्री के सहयोग से फर्जी कागजों के आधार पर तहसील अधिकारियों से साठगांठ कर तालाब के फ्रंट हिस्से के करीब 19 बैनामे अपने व साथियों के नाम करा लिए।
1997 में भी हो चुका है विवाद
1997 में तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की सरकार में भाजपा नेता की शिकायत पर हापुड़ देहात थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मृतक बच्चों के दफन स्थल पर कब्जे के आरोप में दो भू-माफिया जेल भी गए थे। आरोप है कि वही माफिया अब फिर से सक्रिय हैं और कुछ नेताओं के साथ मिलकर करोड़ों के तालाब पर अवैध भराव कर रहे हैं।
एनजीटी नियमों की अनदेखी
खनन माफिया द्वारा जगह-जगह से अवैध मिट्टी लाकर तालाब को पाटा जा रहा है। डंपरों से दिन-रात मिट्टी डाली जा रही है। आरोप है कि इसमें एनजीटी के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। तालाब को सुखाने के लिए उसमें समुद्रशोक की बेल डालने की भी कोशिश की गई थी।
प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अवैध खनन और भराव पर प्रशासन खामोश है। खनन अधिकारी अपने एसी दफ्तरों से बाहर नहीं निकलते और फोन भी नहीं उठाते। लोगों का कहना है कि खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और उन्हें प्रशासन का कोई डर नहीं है।
पीड़ित पक्ष की मांग है कि जिलाधिकारी कविता मीणा इस मामले में हस्तक्षेप कर भू-माफिया और अवैध खनन माफियाओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
0 Comment