गौरव शर्मा l 
ग्रेटर नोएडा l आगामी होली पर्व के दृष्टिगत जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारीगण खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु संग्रहित कर रहे हैं। इसी श्रृंखला में सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि 26/27 फरवरी की देर रात यमुना एक्सप्रेस वे जेवर टोल प्लाजा पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओ पी सिंह एवं रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने पुलिस के सहयोग से पूठपुरा उजावली फतेहाबाद आगरा स्थित होरी लाल की डेयरी से  शुद्ध गढ़वाल डेयरी  पहाड़गंज नई दिल्ली को गाड़ी संख्या UP 83DT1138 को पनीर सप्लाई देने हेतु ले जाते हुए  पकड़ा गया। प्रथम दृष्टया पनीर का स्वाद कसैला होने,  मिलावटी होने एवं अस्वास्थ्यकर दशा में भंडारित होने के कारण 01 नमूना लेकर लगभग 650 किग्रा पनीर विनष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा एवं एस के पांडेय की टीम द्वारा टप्पल रोड जेवर  स्थित गणपत ट्रेडर्स से सरसों के तेल  का 01 नमूना लिया गया। इसी टीम द्वारा गिझोड़ सेक्टर-53 स्थित बी के इस ट्रेडर्स से नमकीन का 01 नमूना लिया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता एवं सय्यद इबादुल्लाह  की टीम द्वारा दादरी स्थित सुगन एग्रो फूड्स से सरसों का तेल का 01 नमूना लिया गया। इस प्रकार कुल  04 नमूनें लेकर जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किये गये हैं‌।

   सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार से जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान संचालित करते हुए नमूने संग्रहित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सके।