ओमप्रकाश गौतम
हापुड़: में आयोजित डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में डी.आर. इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेल स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर निहारिका भाटी, हरकीरत कौर और ऐहमर का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता हैदराबाद में आयोजित की जाएगी। तीनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय स्तर पर चयन से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में निहारिका भाटी ने शॉटपुट में स्वर्ण पदक, माही त्यागी ने लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक तथा ऐहमर ने अंडर-फोर्टीन ट्रायथलॉन में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। रुद्राक्ष ने अंडर-सिक्सटीन वर्ग की अस्सी मीटर हर्डल दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक हासिल किया। हरकीरत कौर ने अंडर-फोर्टीन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
वहीं पूर्वी ने साठ मीटर दौड़ में रजत पदक, फैजान ने अंडर-सिक्सटीन वर्ग की साठ मीटर दौड़ में रजत पदक तथा राधिका ने अंडर-सिक्सटीन की छह सौ मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक हासिल किया। अलीश्बा ने अंडर-सिक्सटीन वर्ग की लॉन्ग जंप में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप त्यागी ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य  निर्मल शर्मा ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को विशेष बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे हैदराबाद में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाएंगे। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी अधिक से अधिक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिवार ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं खेल प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है और अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।