संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी0एड0-2026 आगामी 31 मई को जनपद में 17 परीक्षा केंद्रों पर होगी आयोजित l

गौरव शर्मा l
ग्रेटर नोएडा l
उत्तर प्रदेश शासन की मंशा अनुरूप जनपद में आगामी 31 मई 2026 को दो पालियों में होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुचीता के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में 17 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
      बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारीगण अपनी तैयारियां मानकों के अनुरूप परीक्षा से पूर्व पूर्ण कर लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। अतः सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें और समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
      अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने यह भी निर्देश दिए कि सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी मूलभूत सुविधाएं एवं सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कहा कि परीक्षा हेतु निर्धारित की गई गाइडलाइन का सभी केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा से पूर्व गहन अध्ययन कर ले, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की चूक न हो।
     अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की विशेष जांच की जाए, ताकि कोई भी अभ्यर्थी उन्हें भीतर न ले जा सके और परीक्षा नकलविहीन हो।
      इस अवसर पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए हुए प्रोफेसरों ने उपस्थित अधिकारियों को परीक्षा हेतु निर्धारित की गई गाइडलाइन व मानकों के अनुरूप परीक्षा संचालन की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में प्रभारी/जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।