पत्रकारिता और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी, जिले में पत्रकारों ने जताई खुशी


बिजनौर /  पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे चांदपुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार विकास शर्मा को पत्रकार प्रेस महासंघ (दिल्ली) द्वारा बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने उन्हें उत्तर प्रदेश पश्चिमी अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया है। इस मनोनयन के बाद पत्रकारों एवं शुभचिंतकों में खुशी की लहर है और उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
पत्रकार प्रेस महासंघ (पीपीएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दिशा-निर्देश पर जारी मनोनयन पत्र में कहा गया है कि विकास शर्मा की कर्मठता, निष्ठा एवं पत्रकारिता के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है। संगठन ने उनसे अपेक्षा व्यक्त की है कि वे पत्रकार हितों की रक्षा, संगठन के विस्तार तथा समाजहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे।
मनोनयन पत्र के अनुसार विकास शर्मा संगठन को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने के साथ-साथ पत्रकारिता के मूल्यों को बढ़ावा देने, लेखन एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। 
यह मनोनयन अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। पत्र की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, सूचना निदेशक, जिलाधिकारी बिजनौर, पुलिस अधीक्षक बिजनौर तथा जिला सूचना अधिकारी को भी प्रेषित की गई है।
विकास शर्मा के इस मनोनयन को जनपद बिजनौर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पत्रकारों के लिए सम्मानजनक उपलब्धि माना जा रहा है। पत्रकारों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा पत्रकारों के अधिकारों और हितों की आवाज को नई मजबूती मिलेगी।

दिनेश प्रजापति की रिपोर्ट