गौरव शर्मा 
 ग्रेटर नोएडा l जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि विकासखण्ड बिसरख परिसर, जनपद गौतमबुद्धनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कुल 12 जोड़ों का धार्मिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ सामूहिक विवाह/निकाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित जाति वर्ग के 09 एवं अल्पसंख्यक वर्ग के 03 जोड़ों ने प्रतिभाग किया। सभी जोड़े विकासखण्ड बिसरख, दादरी एवं नगरपालिका परिषद दादरी क्षेत्र के निवासी हैं।
      मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद देने के लिए ब्लॉक प्रमुख-दादरी विजेन्द्र भाटी, ब्लॉक प्रमुख-बिसरख अप्रीत कौर, प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख-बिसरख श्यामेन्द्र, मुख्य विकास अधिकारी भाल चन्द्र त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, खण्ड विकास अधिकारी दादरी व बिसरख विनी यादव, जिला पूर्ति अधिकारी नीलेश उत्पल, जिला कार्यक्रम अधिकारी इतफार खान एवं सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
       समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की एक सराहनीय जनकल्याणकारी पहल है। योजना को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता एवं आपसी समन्वय सुनिश्चित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
      जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने जनमानस से कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना माननीय मुख्यमंत्री जी की अत्यंत महत्वाकांक्षी एवं लोकप्रिय योजना है। आमजन को इसका लाभ लेना चाहिए, जिससे गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता मिल सके। उन्होंने गरीब परिवारों की बेटियों का विवाह कराने में निःसंकोच होकर मदद करने का आह्वान किया।
     विकासखण्ड-बिसरख में विवाह प्रमाण-पत्र एवं पंजीकरण हेतु अलग से व्यवस्था की गई, जिसमें नवदम्पत्तियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई गई। सभी आवेदिकाओं द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह पोर्टल पर आवेदन किया गया, जिसके फलस्वरूप पोर्टल से पंजीकृत विवाह प्रमाण-पत्र प्राप्त हुए। सामूहिक विवाह में उपस्थित नवदम्पत्तियों को मा0 जनप्रतिनिधियों एवं सम्बंधित अधिकारियों द्वारा सहर्ष विवाह प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
      मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत आयोजित सामूहिक विवाह में सम्मिलित अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग के जोड़ों को विवाह सामग्री इत्यादि प्रदान की गई। साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित जोड़ों के परिवार के सदस्यों हेतु शासकीय नियमों के अनुसार खान-पान की व्यवस्था भी की गई। व्हाइट पर्ल फाउंडेशन, नई दिल्ली के निदेशक प्रशांत कुमार द्वारा वर-वधुओं को आशीर्वाद स्वरूप नगद धनराशि एवं साड़ी उपहार भेंट की गई।