गढ़मुक्तेश्वर: देव मैमोरियल पब्लिक स्कूल में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री,महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आधुनिक भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती 'बाल दिवस' अत्यंत हर्षोल्लास,उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाई गई।कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र के सम्मुख पुष्पांजलि अर्पित कर एवं उनके आदर्शों का स्मरण करते हुए किया गया। विद्यालय परिसर बच्चों की उमंग, उत्साह और उल्लास से सराबोर दिखाई दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं विविध रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या  मंजु चौधरी ने कहा कि बचपन जीवन का वह स्वर्णिम काल है, जिसमें सपने आकार लेते हैं, संस्कार व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं और शिक्षा भविष्य की नींव रखती है। बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा, जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और मौलिकता को पहचानने का संकल्प दिवस है।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक  राजेंद्र चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि, बच्चे किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूँजी और आने वाले कल की आधारशिला होते हैं। आज के नन्हे सपने ही कल के सशक्त भारत की वास्तविक पहचान बनेंगे। पंडित जवाहरलाल नेहरू का बच्चों के प्रति असीम स्नेह इस बात का संदेश देता है कि राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य तभी संभव है, जब प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, समान अवसर, सुरक्षा और अपनी प्रतिभा विकसित करने का स्वतंत्र वातावरण मिले। हमारा दायित्व केवल बच्चों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें चरित्रवान, संवेदनशील, आत्मनिर्भर एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाना भी है।
इस बाल दिवस कार्यक्रम के अवसर पर उप प्रधानाचार्य युधिष्ठिर यादव,स्कूल कोऑर्डिनेटर योगेंद्र सिंह,राहुल चौधरी,अशोक चौधरी, प्रियांशी चौधरी,कविता चौधरी,सुरुचि,विजय लक्ष्मी त्यागी,अनुभा त्यागी,रोहित कुमार, ब्रज सिंह,नीतू रानी,ममता त्यागी,ओमवीर सिंह आदि शिक्षक गण उपस्थित रहे।