जनगणना-2027 राष्ट्रीय महत्व का कार्य, डिजिटल माध्यम और सटीकता पर रहेगा जोर: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने विकास प्राधिकरण के चार्ज अधिकारी के बैठक में उपस्थित न होने पर व्यक्त की गहरा असंतोष
गौरव शर्मा l
ग्रेटर नोएडा l जिलाधिकारी, प्रमुख जनगणना अधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में 'राष्ट्रीय जनगणना-2027' के सफल क्रियान्वयन एवं संचालन हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गई, बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इससे प्राप्त आँकड़े देश की नीति निर्धारण के लिए आधारभूत भूमिका अदा करते हैं । जनगणना 2027 पूर्ण रूप से डिजिटल माध्यम से की जानी है एवं जनगणना एक समयबद्ध प्रक्रिया है। जिलाधिकारी द्वारा जनगणना संबंधी कार्य को आंकड़ों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए तय समयसीमा में कराए जाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना दो चरणों में पूर्ण होगी, जिसमें प्रथम चरण 22 मई से 20 जून 2026 के मध्य चलेगा, जिसके दौरान मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य होगा। इसी प्रकार दूसरा चरण 09 फरवरी से 28 फरवरी 2027 में चलेगा, जिसमें जनसंख्या की वास्तविक गणना संपन्न की जाएगी। दोनों चरणों में डेटा संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का उपयोग होगा और 'जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (CMMS)' पोर्टल के माध्यम से रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। आम जनता के लिए प्रथम चरण हेतु ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं की गणना दर्ज करने का विकल्प भी 07-21 मई, 2026 के मध्य उपलब्ध रहेगा। फरवरी माह में राष्ट्रीय स्तर के ट्रेनरों द्वारा जनपद के तीन मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनके द्वारा जनपद में कुल 72 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया जाना है। फील्ड ट्रेनरों का चयन एवं नियुक्ति पूर्ण हो चुकी है एवं इनका प्रशिक्षण 23, 24 व 25 मार्च को प्रस्तावित है। फील्ड ट्रेनरों के द्वारा ही जनपद के 4000 से अधिक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाना है जो फील्ड पर डाटा एकत्रीकरण का कार्य करेंगे ।जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं समस्त चार्ज अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि 31 मार्च 2025 से पूर्व CMMS पोर्टल पर मकान सूचीकरण ब्लॉक का निर्माण पूर्ण कर प्रगणकों को कार्य आवंटन कर दिया जाए। जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा और पंचायत राज विभाग तत्काल अपने कर्मियों की सूची उपलब्ध कराएं ताकि उन्हें जनगणना कार्य हेतु नामित किया जा सके। साथ ही मोबाइल, टैबलेट और कंप्यूटर का ज्ञान रखने वाले पंचायत सहायकों, सफाई कर्मियों और रोजगार सेवकों की सूची भी तैयार की जाए। बैठक में नोएडा प्राधिकरण से भारसाधन (चार्ज) अधिकारी की अनुपस्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी अतुल कुमार, जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ से ए. के. राय, संयुक्त निदेशक अभिमन्यु सिंह, उप निदेशक तथा जिला प्रभारी जनगणना प्रदीप कुमार एवं उत्कर्ष पाण्डेय तथा जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गौतमबुद्धनगर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित ग्रेटर नोएडा, यीडा प्राधिकरण, तहसीलों के भारसाधन (चार्ज) अधिकारी तथा नोएडा प्राधिकरण से सहायक चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comment