बनकटी (बस्ती)। ग्रामीण अंचल में आज भी पारंपरिक कुश्ती का आकर्षण बरकरार है। इसका नजारा मंगलवार को बनकटी क्षेत्र के ललियापार कुटी स्थित श्री हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित भव्य दंगल एवं मेले में देखने को मिला। बस्ती, संतकबीरनगर और गोरखपुर सहित विभिन्न जनपदों से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में अपनी कुश्ती कला, दमखम और दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। रोमांचक मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेलप्रेमियों की भीड़ जुटी रही।
दंगल में विनय और गौरव तथा अमन और विक्की के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। इसके अलावा मुहम्मद शहद खान और अमित, प्रवीण और मोनू, निखिल और मनीष, चिक्कू और सिरोंज तथा अजहर खां और मनीष के बीच भी रोमांचक मुकाबले हुए। सभी पहलवानों ने अपने प्रदर्शन से अखाड़े में मौजूद दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। गोरखपुर से आए पहलवान हिमांशु को मुकाबले के लिए उपयुक्त जोड़ नहीं मिल सका। दंगल में सूरज चौधरी ने रेफरी की भूमिका निभाई, जबकि विजय चौधरी बैरंगपुर ने संचालन किया।
ललियापार कुटी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने और वर्षों पुरानी दंगल की परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाने में बाबा प्रहलाद दास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समर्पण, कुशल व्यवस्था और आयोजन के प्रति निष्ठा से कुटी का यह वार्षिक दंगल क्षेत्र में आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीण संस्कृति, पारंपरिक खेलों और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने का उनका प्रयास सराहनीय है। दंगल के माध्यम से दूर-दराज से आने वाले पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, वहीं क्षेत्र के लोगों को अपनी पुरानी खेल परंपरा से जुड़ने का मौका भी मिलता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सुरेन्द्र तिवारी तथा विशिष्ट अतिथि रामायण रघुनाथ सिंह, अरविन्द पाल, मानवेंद्र पाल, अतुल शुक्ल और मनमोहन त्रिपाठी की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन की व्यवस्था बाबा प्रहलाद दास ने संभाली। इस अवसर पर सदलू पहलवान, पप्पू यादव प्रधान, श्याम बिहारी चौधरी, विजय शुक्ल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
0 Comment