राजेश शुक्ला

बनकटी/बस्ती। जब पुलिस चौकी के आसपास ही अवैध कारोबार संचालित होने लगे और घनी आबादी के बीच विस्फोटक सामग्री की बिक्री होती रहे तो पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। लालगंज थाना क्षेत्र के महादेवा चौराहे पर दीपावली के दौरान कथित अवैध पटाखों की बिक्री का मामला अब केवल नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही को भी सवालों के घेरे में ला दिया है। चौकी से चंद कदम की दूरी पर घंटों पटाखों की बिक्री होती रही, लेकिन कार्रवाई को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पुलिस चौकी के बगल चल रहे इस कारोबार की भनक जिम्मेदार अधिकारियों को क्यों नहीं लगी?मामला और भी गंभीर तब हो जाता है, जब थाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी बड़े पैमाने पर पटाखों की बिक्री होने की बात सामने आई है। स्थानीय स्तर पर प्रत्येक विक्रेता से कथित तौर पर दो हजार रुपये तय किए जाने की चर्चा भी है। हालांकि, इस रकम के लेनदेन की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है, लेकिन यदि शिकायतों में सच्चाई है तो यह जांच का गंभीर विषय है कि आखिर किसके निर्देश या संरक्षण में यह पूरा कारोबार संचालित हो रहा था? इस पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोप थोक पटाखा कारोबारी के यहां से पुलिसकर्मियों द्वारा पटाखे ले जाने को लेकर है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के दावों के मुताबिक, बिना नंबर की सफेद कार सहित कई वाहनों में गत्ते पर गत्ते भरकर पटाखे ले जाए गए। यहां तक कि दर्जनों पुलिसकर्मियों द्वारा कथित रूप से बिना भुगतान पटाखे ले जाने की चर्चा भी है। यदि यह आरोप सही हैं तो सवाल उठना स्वाभाविक है कि पुलिसकर्मी किस अधिकार से पटाखे ले जा रहे थे? बिना नंबर की गाड़ी का इस्तेमाल क्यों किया गया? क्या इस संबंध में कोई आधिकारिक अनुमति या रिकॉर्ड मौजूद है? इन सभी बिंदुओं की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

सबसे चिंताजनक पहलू घनी आबादी के बीच बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण और बिक्री है। विस्फोटक सामग्री के साथ जरा सी लापरवाही भी बड़ी जनहानि का कारण बन सकती थी। यदि आग लग जाती या विस्फोट हो जाता तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती? क्या संबंधित कारोबारियों के पास वैध लाइसेंस था? क्या भंडारण स्थल की जांच की गई और अग्नि सुरक्षा सहित आवश्यक मानकों का पालन कराया गया? अब जवाबदेही सीधे लालगंज थाना पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर है। चौकी के बगल और थाने के मुख्य मार्ग पर इस तरह की गतिविधियां संचालित होने के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या थाना प्रभारी को इसकी जानकारी थी या स्थानीय स्तर पर मिलने वाली सूचनाओं को गंभीरता से नहीं लिया गया? पुलिस अधीक्षक को पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। जांच में कथित अवैध कारोबारियों के साथ-साथ पटाखे ले जाने के आरोपों और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका भी स्पष्ट होनी चाहिए।जब पुलिस चौकी के आसपास ही कानून और सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आरोप सामने आ रहे हों तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन इन गंभीर आरोपों की जांच कर जवाबदेही तय करता है या फिर महादेवा चौराहे का यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में सिमटकर रह जाता है।