धौलाना क्षेत्र में आज मंगलवार को शबे-बरात का पावन पर्व पूरी अकीदत और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस मुबारक रात को रहमत और मगफिरत की रात माना जाता है। मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों में विशेष नमाज अदा करेंगे, कुरआन-ए-पाक की तिलावत करेंगे और अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी तथा देश में अमन-चैन की दुआ मांगेंगे। शबे-बरात की रात लोग अपने मरहूम रिश्तेदारों की मगफिरत के लिए कब्रिस्तानों में जाकर फातिहा भी पढ़ेंगे।पर्व को लेकर कस्बे और गांवों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। साफ-सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। वहीं, किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रशासन और पुलिस भी सतर्क नजर आ रही है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।इस मौके पर ग्राम प्रधान अतीक अहमद ने कहा कि शबे-बरात आत्ममंथन और इबादत की रात है। उन्होंने कहा कि इस पाक अवसर पर हमें बुराइयों से दूर रहकर नेक रास्ते पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। ग्राम प्रधान अतीक अहमद ने सभी क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।कुल मिलाकर धौलाना क्षेत्र में शबे-बरात का पर्व शांतिपूर्ण और धार्मिक वातावरण में मनाए जाने की पूरी उम्मीद है।