गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में लंबे समय से व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति संगठन ने जिलाधिकारी हापुड़ को ज्ञापन सौंपते

हुए शीघ्र समाधान की मांग की है।संगठन का कहना है कि यदि समस्याओं का तत्काल निस्तारण नहीं किया गया तो किसान संगठन धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।ज्ञापन में बताया गया कि तहसील क्षेत्र के गांव नयाबास, आरकपुर व ग्राम अल्लाहबख्शपुर के जंगलों में गंगा का पानी भर जाने से किसानों की फसलें हर साल नष्ट हो जाती हैं।किसानों ने लठीरा से नयाबास रेलवे लाइन तक बांध (पुस्ता) निर्माण कराए जाने की मांग की है,ताकि गंगा के पानी से होने वाले नुकसान से बचाव हो सके।इसके अलावा तहसील क्षेत्र के कई गांवों में पशुओं में बीमारी फैलने के बावजूद पशुपालन विभाग की ओर से कोई उपचार नहीं मिल पा रहा है।आरोप है कि कई बार पशुपालन विभाग के सीएमओ डॉ.नवनीत कुमार को फोन द्वारा सूचना देने के बाद भी कोई चिकित्सकीय टीम गांव में नहीं पहुंची। यहां तक कि भैंस की मृत्यु के मामलों में भी जांच के लिए कोई कर्मचारी नहीं आया, जिससे पशुपालकों में भारी रोष है। ग्राम अल्लाहबख्शपुर में विभिन्न बिरादरियों के छोटे-छोटे बच्चे दूर-दराज के स्कूलों में पढ़ने जाते हैं।बच्चों के भारी बैग होने के बावजूद बस के इंतजार के दौरान बैठने की कोई व्यवस्था नहीं है।किसानों ने बच्चों के लिए सड़क किनारे कुर्सियां लगाए जाने की मांग की है।साथ ही आवारा पशुओं से किसानों को निजात दिलाने की भी मांग की गई है।वहीं गढ़मुक्तेश्वर तहसील के अंतर्गत ग्राम अनूपपुर डिबाई में पिछले आठ महीनों से स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। ग्राम प्रधान पति और ग्राम सचिव कपिल देव को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।पूरे गांव में रात के समय घोर अंधेरा रहता है, जिससे सर्दी के मौसम में कोहरे के कारण दुर्घटना और अपराध की आशंका बढ़ गई है।इसके साथ ही गांव में पिछले दो महीनों से साफ-सफाई भी नहीं हो रही है।किसानों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर वे पिछले छह महीनों से उप जिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर को लगातार ज्ञापन दे रहे हैं, जिनकी रिसीविंग उनके पास सुरक्षित है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।इसके अतिरिक्त हापुड़ तहसील के गांव बनखंडा में भी पिछले छह महीनों से गांव के अंदर सफाई कार्य नहीं होने का आरोप लगाया गया है।ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव को बार-बार अवगत कराने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ,जिसकी जांच की मांग की गई है।ज्ञापन में सरकार द्वारा घरेलू बिजली कनेक्शन और बिजली बिल की दरों में की गई बढ़ोतरी पर भी आपत्ति जताई गई है।किसानों ने बिजली की दरें पुरानी दरों पर लाने और बढ़े हुए बिजली बिलों को कम किए जाने की मांग की है।फैजान चौधरी मेरठ मंडल मीडिया प्रभारी ने अंत में संगठन की ओर से जिलाधिकारी हापुड़ अभिषेक पांडे को अनूपपुर डिबाई गांव का दौरा करने का आमंत्रण देते हुए समस्याओं को मौके पर देखकर समाधान कराने की अपील की गई है।किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।इस दौरान आबिद हुसैन उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश,मेरठ मंडल मीडिया प्रभारी फैजान चौधरी, माहिर चौधरी जिला अध्यक्ष, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ हापुड़,विनीत  त्यागी युवा जिला अध्यक्ष हापुड़,महानगर अध्यक्ष कुलदीप सिंह,तहसील उपाध्यक्ष सुनील कुमार,रोहित पाल युवा जिला उपाध्यक्ष आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।