ओमप्रकाश गौतम
गढ़मुक्तेश्वर : देव मैमोरियल पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के पावन अवसर पर श्रद्धा,राष्ट्र भावना एवं सामाजिक चेतना से ओत-प्रोत विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन, उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, स्वावलंबन एवं राष्ट्रसेवा के संदेश को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया।कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजु चौधरी एवं प्रबंधक राजेंद्र चौधरी द्वारा राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। तत्पश्चात विद्यार्थियों ने गांधीजी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर भाषण, कविता, देशभक्ति गीत तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को गांधीजी के आदर्शों और उनके जीवन-संदेश से आत्मसात होने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर प्रधानाचार्या मंजु चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन केवल भारत के स्वतंत्रता संग्राम कागौरवशाली अध्याय नहीं, बल्कि सत्य, अहिंसा, त्याग, अनुशासन और मानवीय मूल्यों की जीवंत पाठशाला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है कि विद्यार्थी गांधीजी के विचारों को अपने आचरण में उतारें तथा स्वच्छता, सद्भाव, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएँ।विद्यालय प्रबंधक राजेंद्र चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि गांधी जयंती हमें आत्मचिंतन के साथ-साथ राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए एक स्वच्छ, संस्कारित, समरस एवं सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।कार्यक्रम के अन्तर्गत विद्यालय परिसर में स्वच्छता एवं जागरूकता का संदेश भी दिया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव तथा राष्ट्रहित के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को गांधीजी के आदर्शों को व्यवहारिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य युधिष्ठिर यादव, स्कूल कोऑर्डिनेटर योगेंद्र सिह,अशोक चौधरी राहुल चौधरी ओमवीर सिंह यूनुसअली,मनजीत चौहान,सोनू सिंह,दीपक कुमार,सुषमा शर्मा, सविता सिसोदिया आदि शिक्षक गण उपस्थित रहे।
0 Comment