‘मीडिया’ से हारा ‘प्रशासन’
बस्ती। स्टेडियम में शनिवार को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और प्रशासन एकादश के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। इसमें मीडिया ने प्रषासन को हरा दिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कप्तान सतीश श्रीवास्तव ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हेमंत पांडेय और विवेक कुमार मिश्र ने गेंदबाजी की अच्छी शुरुआत की। दोनों ने शुरुआत के चार ओवर में कसी हुई गेंदबाजी करते हुए प्रशासन की टीम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। इसके साथ ही विवेक गुप्ता, कृष्ण द्विवेदी और कप्तान सतीश श्रीवास्तव ने बढ़िया गेंदबाजी करते हुए प्रशासन की टीम को 110 रन पर रोक दिया। विवेक मिश्र ने एक, विवेक गुप्ता ने दो, सतीश श्रीवास्तव ने एक विकेट हासिल किया। प्रशासन की टीम की तरफ से कप्तान डीआईजी संजीव त्यागी ने सलामी बल्लेबाज के रूप में 33 रनों की बढ़िया पारी खेली। इसके साथ ही भूमि संरक्षण अधिकारी राज मंगल ने 17, सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने छह, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती ने 19, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने 13, सुनील छह और बीएसए अनूप कुमार तिवारी ने चार रनों की पारी खेली। प्रशासन की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 6 विकेट होकर 110 रन बनाया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम को जीत के लिए 111 रनों का लक्ष्य दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सलामी बल्लेबाज कृष्णा द्विवेदी और शनि सिंह ने बेहतर तालमेल के साथ मैदान के चारों तरफ चौके छक्के लगाए। कृष्णा द्विवेदी ने सात चौके और दो छक्के की बदौलत 22 गेदों में 51 रनों की शानदार पारी खेली। सनी सिंह ने एक छक्के के साथ 13 रन बनाया। इसके साथ ही हेमंत पांडेय ने 19 रनों की पारी खेली। आखिरी ओवर में मुकाबला काफी रोमांचक दौर में पहुंच गया। 6 गेंदों पर 8 रनों की जरूरत थी, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के हेमंत लगातार दो गेंद बीट हो गए, इसके बाद उन्हें वापस पवेलियन बुला कर बल्लेबाज अनुज सिंह को भेजा गया, दो व्हाइट गेंद और एक चौके की मदद से स्कोर दो गेंद पर दो रन पर आ पहुंचा, विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज प्रताप सिंह ने एक गेंद पर एक रन लेकर मैच टाई कर दिया, इसके बाद अंतिम गेंद पर सलामी बल्लेबाज जीत यादव ने डीआईजी की गेंद पर चौका लगाते हुए जीत हासिल कर ली। बल्लेबाजों की सूझबूझ खेल ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को जीत दिला दी। मैच में सलामी बल्लेबाज के रूप में 51 रनों की शानदार पारी खेलने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कृष्णा द्विवेदी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। प्रशासन की तरफ से संजीव त्यागी, श्याम कांत, सार्थक अग्रवाल, सुनील शाह, कीर्ति प्रकाश भारती और राज मंगल ने गेंदबाजी में हाथ आजमाया। ज्ञान उपाध्याय और आशुतोष ओझा बतौर अंपायर मौजूद रहे वहीं पंकज श्रीवास्तव ने स्कोरर की जिम्मेदारी निभाई और एम काशिफ ने कमेंट्री किया।
0 Comment