ओमप्रकाश गौतम
गढ़मुक्तेश्वर। नीड़ फाउंडेशन, ब्रजघाट द्वारा श्री रामानंद गुप्ता स्मृति खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि गढ़ अमरोहा सांसद कंवर सिंह तंवर, विधायक हरेंद्र तेवतिया, विधायक सिकंदराबाद लक्ष्मी राज,  तथा उपजिलाधिकारी श्रीराम यादव की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रतियोगिता में डीआर इंटरनेशनल स्कूल सहित क्षेत्र के अनेक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
गढ़मुक्तेश्वर डीआर इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। विद्यालय के छात्र फैजान ने अंडर-फोर्टीन वर्ग की एक सौ मीटर दौड़ में रजत पदक प्राप्त किया। आरव ने अंडर-फोर्टीन वर्ग की दो सौ मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया। वहीं रुद्राक्ष ने अंडर-सेवेंटीन वर्ग में दो सौ मीटर तथा चार सौ मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में रजत पदक प्राप्त किए।
इस अवसर पर डीआर इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य निर्मल शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उन्हें निरंतर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंधक संदीप त्यागी ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय की शिक्षिका सुषमा चौधरी एवं शिक्षक कृष्ण पाल भी उपस्थित रहे और उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षाओं को हार्दिक बधाई दी तथा कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।