AK-47 के साथ वायरल फोटो फर्जी निकली: लालगंज पुलिस ने अफवाह पर तुरंत नियंत्रण किया

राजेश शुक्ल / बस्ती

लालगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर AK-47 राइफल के साथ एक युवक की फोटो वायरल होने से हड़कंप मच गया। हालांकि, लालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस फोटो को फर्जी पाया और एक बड़ी अफवाह को फैलने से रोक दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना लालगंज पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। थाना प्रभारी संजय कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने वायरल फोटो की जांच शुरू की। जांच के दौरान युवक को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में युवक की पहचान राधेश्याम के रूप में हुई, जो लालगंज थाना क्षेत्र के बखरिया गांव का निवासी है। राधेश्याम ने बताया कि उसे फोटो एडिटिंग का शौक है और प्रसिद्ध होने की चाहत में उसने AK-47 के साथ अपनी फर्जी फोटो एडिट कर फेसबुक पर पोस्ट की थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवक की उम्र कम है और उसके पास किसी भी प्रकार का असली हथियार नहीं है। इस पूरे मामले में कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं पाई गई।

स्थिति स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर चेतावनी दी और उसे छोड़ दिया।

क्षेत्राधिकारी रुधौली ने इस संबंध में बताया, "सोशल मीडिया पर वायरल फोटो की जांच कराई गई है। यह फोटो पूरी तरह एडिटेड और फर्जी पाई गई है। युवक नाबालिग प्रवृत्ति का है, उसे समझाकर छोड़ दिया गया है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है, जनता किसी भी अफवाह पर ध्यान न दे।"

लालगंज पुलिस की इस त्वरित और सतर्क कार्रवाई से एक बड़ी अफवाह पर समय रहते विराम लग गया।