अमरीका:
अपडेट
अमरीका: जेफरी एपस्टीन से संबंधित दस्तावेज़ किए गए सार्वजनिक
अमरीका के न्याय विभाग ने दिवंगत निवेशक और यौन अपराध के दोषी जेफरी एपस्टीन से संबंधित दस्तावेज़ सार्वजनिक किए हैं। इनमें तीस लाख से अधिक पृष्ठों की जांच सामग्री और दो हजार से अधिक वीडियो तथा लगभग एक लाख अस्सी हजार तस्वीर शामिल हैं। संवाददाता सम्मेलन में कल शाम सब अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि यह व्यापक दस्तावेज़ समीक्षा प्रक्रिया के समापन का प्रतीक है, जो पिछले वर्ष कांग्रेस द्वारा पारित पारदर्शिता जनादेश को पूरा करता है।
न्याय विभाग की वेबसाइट पर जारी किए गए इन दस्तावेजों में वे फाइल शामिल हैं जिन्हें पिछले वर्ष दिसंबर में शुरुआत में जारी करने से रोक दिया गया था। इन दस्तावेजों में एपस्टीन के कुछ जाने-माने सहयोगियों की जानकारी है, जिनमें अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, टेस्ला और स्पेस-एक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलेन मस्क, अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन, माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स, व्हाइट हाउस के पूर्व मुख्य रणनीतिकार स्टीव बैनन, फिल्म निर्देशक, लेखक और अभिनेता वुडी एलन और बराक ओबामा के कार्यकाल में व्हाइट हाउस के पूर्व वकील शामिल हैं।
पिछले महीने जारी किए गए दस्तावेजों से पता चला है कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने 1990 के दशक में एपस्टीन के निजी जेट विमान से यात्रा की थी। संघीय यौन तस्करी के आरोपों में अभियोग लगने के एक महीने बाद एपस्टीन ने अगस्त 2019 में न्यूयॉर्क की एक जेल में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। एपस्टीन के प्रभावशाली हस्तियों से संबंधों के कारण यह मामला काफी चर्चित रहा था। कुछ लोगों ने शुरू में इन दस्तावेजों के खुलासे का विरोध किया था।
0 Comment