लखनऊ

राजधानी के गोमतीनगर इलाके में एक कैफे की आड़ में देह व्यापार और ब्लैकमेलिंग के आरोपों से हड़कंप मच गया है। ‘ब्राउन गर्ल कैफे’ के संचालक राहुल उर्फ कमर जमाल पर युवतियों को नौकरी का झांसा देकर फंसाने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और देह व्यापार के लिए दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं।

पीड़ित युवतियों का कहना है कि आरोपी जरूरतमंद लड़कियों को काम दिलाने के नाम पर कैफे बुलाता था। बाद में उनके निजी वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करता और अलग-अलग स्पा सेंटर व मसाज पार्लर में ले जाकर गलत काम के लिए मजबूर करता था। एक पीड़िता ने बताया कि आरोपी का आधार कार्ड देखने पर उसका नाम मोहम्मद कमर जमाल पाया गया, जिस पर विवाद भी हुआ।

बुधवार को कई युवतियां थाने पहुंचीं, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही आरोपी कैफे बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

इस बीच कुछ सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।