बेहिल में PWD सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायतः
मुख्यमंत्री जनसुनवाई में गुणवत्ताहीन कार्य पर ग्रामीणों ने उठाई आवाज
राजेश शुक्ला / बस्ती
बस्ती जिले की बेहिल ग्राम पंचायत में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे दो सीसी सड़क निर्माण कार्यों में गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग और मानकों की अनदेखी का उल्लेख किया गया है।
शिकायतकर्ता गंगाराम यादव, जो बेहिल गांव के निवासी हैं, ने बताया कि हरिमोहन सिंह के घर से बाबू राम गौतम के घर तक 150 मीटर लंबी सीसी सड़क का निर्माण किया गया है। इस सड़क के बेस में केवल बड़ी गिट्टी का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें सीमेंट, पत्थर का चूरा, मोरंग या पानी का उपयोग नहीं किया गया। सड़क की मोटाई भी मानक से कम है; किनारों पर 6 इंच दिख रही है, जबकि बीच में यह 4 इंच से भी कम है।इसी तरह, राजा राम चौहान के घर से मंजूर के घर के पास बन रही दूसरी सड़क का कार्य भी गुणवत्ताहीन बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सीमेंट उपलब्ध होने के बावजूद निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे उनमें भारी रोष है।
गंगाराम यादव के अनुसार, जब उन्होंने संबंधित जूनियर इंजीनियर (JE) से संपर्क किया, तो जेई ने कथित तौर पर कहा कि "काम ऐसे ही होता है, चुप बैठो नहीं तो काम बंद कर दूंगा।" इस रवैये से ग्रामीण आहत हैं। शिकायत में मांग की गई है कि बेहिल में हुए दोनों सीसी सड़क कार्यों की तकनीकी जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।
0 Comment