बस्ती। अगर एसपी साहब के सामने कोई यह कहे, कि साहब गांजा और स्मैम तस्करों के बारे में सीओ और एसओ को सब मालूम है, तो एसपी साहब को यह सोचकर कैसा लगा होगा, कि जनता पुलिस के बारे में क्या सोचती? यह बात किसी और ने नहीं बल्कि हर्रैया तहसील के पूर्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमाकांत तिवारी ने उस समय एसपी से कही जब वह जनता के साथ दिपावली से पहले यानि छह नवंबर को शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मार्च कर रहे थे। उस समय एसपी साहब, ने क्षेत्र के लोगों और मीडिया से कहा था, कि यह इलाका काफी संवेदनशील हैं, और मादक पदार्थो का गढ़ हैं, इस लिए आप लोगों से अपील करता हूं कि शांति व्यवस्था बनाए रखे और मादक पदार्थो का कारोबार करने वालों की जानकारी पुलिस को दें, तभी वकील साहब ने एसपी साहब से कहा था, कि सर, गांजा और स्मैक के तस्करी के बारे में सीओ और एसओ को अच्छी तरह मालूम है। कौन स्मैक का तस्कर हैं, और कौन गांजा का, सब मालूम है। गांजा और स्मैक तस्कारों की गाड़ियां किस टी स्टाल पर रुकती है, और डिलीवरी देती है, सब पुलिस को मालूम है। कहा कि अगर पुलिस चाह जाए तो एक पुड़िया गांजा नहीं बिक सकता है। तब एसपी साहब ने पूछा कि क्या वाकई एसओ को गांजा और स्मैक तस्करी और तस्करों के मालूम हैं, तो हां में जबाव दिया, तब एसपी साहब ने लोगों से कहा कि आप लोग इसकी जानकारी मेरे मोबाइल पर किसी भी समय दे सकते हैं, मेरा मोबाइल 24 घंटा आन रहता है। कहा जाता है, कि एसपी साहब के अपील के कारण ही 40 किलो गांजा की बरामदगी, स्मैक तस्कर एवं भाजपा का मनोनीत सभासद दीपक चौहान के घर से हुई। कहने का मतलब अगर एसपी साहब को जानकारी न दी जाती तो पुलिस बरामद भी नहीं करती, वैसे भी पुलिस इस मामले में गांजा और स्मैक तस्करों को जो छूट दे रखी है, उसी का नतीजा हर्रैया क्षेत्र गांजा और स्मैक का गढ़ बनता जा रहा है। कहते हैं, कि हर्रैया पुलिस नहीं चाहती थी, कि बरामदगी दिखाई जाए। जिस तरह भाजपा के लोगों की फंडिगं गांजा तस्कर रवि कुमार और स्मैक तस्कर दीपक चौहान के द्वारा किए जाने का दावा किया जा रहा है, ठीक वही दावा हर्रैया पुलिस के लिए भी किया जा रहा है। ऐसा भी नहीं कि मुखबिर पहले नहीं थे, पहले भी थे, और आज भी हैं, लेकिन उनके और पुलिस के बीच अब विष्वास का संकट खड़ा हो गया है। न जाने क्यों मुखबिर को यह लगता है, कि अगर उन्होंने गांजा और स्मैक तस्करी की गुप्त जानकारी पुलिस को दे दी तो पुलिस उस पर ईमानदारी से काम नहीं करेगी। वैसे भी गांजा और स्मैक तस्करों की मुखबिरी करना आसान नहीं होता, एक तरह से मुखबिरी करने वालों को जान का खतरा रहता है। यही कारण है, कि पुलिस के स्रोत धीरे-धीरे समाप्त होते जा रहे हैं, और इसका सबसे बड़ा कारण विष्वास का न रहना, आज कोई भी मुखबिर पुलिस को सूचना देकर अपने जान को मुसीबत में नहीं डालना चाहता। कहा भी जाता है, कि अगर पुलिस चाह जाए तो बच्चे का खिलौना तक चोरी नहीं हो सकता, गांजा और स्मैक तस्करी करना तो बड़ी बात है। यह भी कहा जाता है, अगर नेता और पुलिस गांजा और स्मैक तस्करों से फंडिगं कराना बंद कर दें, तब कोई दीपक चौहान और रवि कुमार पैदा नहीं होगा। नेता और पुलिस दोनों गांजा और स्मैक तस्करों को संरक्षण देने का काम करते है। दोनों तस्कर भाजपा नेताओं के दुलारे रह चुके है, उनसे लाभ ले चुके है। इन सबके आलावा हर्रैया के मीडिया को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, अगर नहीं निभाया तो हो सकता है, कल को उनके घर का बच्चा स्मैक का आदी हो जाए और नदी में डूब कर उसकी जान चली जाए। यह स्मैक और गांजा तस्कर किसी के नहीं होते, यह पैसे के लिए नवयुवकों का जीवन तक बर्बाद कर सकते हैं, इस सच्चाई से हर्रैया के लोग अच्छी तरह वाकिब भी है। समाज और पुलिस से अधिक मीडिया को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। गांजा और स्मैक तस्करों की कमर तोड़कर हर्रैया के मीडिया को दिखा देना होगा, कि वह अभी चूके नहीं है। पहले से कमजोर नहीं बल्कि मजबूत है। जिस तरह हर्रैया के मीडिया के बारे में हर्रैया के लोग अपनी राय रखते हैं, उसे बदलना होगा, बताना होगा कि मीडिया नहीं, नेता और पुलिस बिकाउ होते हैं। जिस तरह नेताओं के साथ गांजा और स्मैक तस्करों का फोटो वायरल हो रहा है, उससे दोनों के गठजोड़ का पता चलता है।