बनकटी/बस्ती। इंसान दौलत के लालच में इतना अंधा होता जा रहा है, कि वह सूरदास तक को अपना षिकार बनाने से नहीं चूकता। जिस तरह महिलाओं में छलकपट के जरिए धोखा देकर दौलत हथियाने की होड़ लगी हुई हैं, उसने सारी महिलाओं को शर्मसार कर दिया, सवाल उठ रहा है, कि आखिर विष्वास करे तो किस पर करें, जब पड़ोसी ही दगाबाज निकल जा रहा है। इसी तरह का एक मामला जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के मथौली गांव का सामने आया है। इस गांव के एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की संपत्ति किसी और ने नहीं बल्कि पड़ोसी महिला ने धोखे से हड़प लिया। पीड़ित जयराम पुत्र अधारे ने अपनी पड़ोसी समेत चार लोगों पर वसीयत तैयार कराने का झांसा देकर कथित रूप से हिबानामा पंजीकृत कराने, राजस्व अभिलेखों में नामांतरण कराने और मकान से बेदखल करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने 28 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक बस्ती को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, वह दृष्टिबाधित होने के कारण संपत्ति से संबंधित दस्तावेज स्वयं पढ़ने और समझने में असमर्थ है। आरोप है कि 25 जून 2026 को उसकी पड़ोसी प्रमिला पत्नी सुशील कुमार उसे बहलाकर अपने अधिवक्ता के चौंबर में ले गई। वहां मीरा पत्नी रामपाल, अंजनी पुत्री महेन्द्र प्रताप और रामू पुत्र रामउजागिर भी मौजूद थे। जयराम का आरोप है कि उसे बताया गया कि उसकी संपत्ति के संबंध में वसीयत तैयार कराई जा रही है, लेकिन उसकी जानकारी और वास्तविक सहमति के बिना वसीयत के स्थान पर हिबानामा तैयार कराकर पंजीकृत करा दिया गया। दस्तावेज की वास्तविक प्रकृति और कानूनी परिणामों से भी उसे अनजान रखने का आरोप लगाया गया है।