बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल और जिला मंत्री राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने जिलाधिकारी, सहायक शिक्षा निदेशक, बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ ही अन्य सम्बंधित अधिकारियों को पत्र देकर कहा है कि यदि 15 सूत्रीय प्रमुख मांगों का शीघ्र निस्तारण न हुआ तो 6 नवम्बर से बीएसए कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जायेगा।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी देते हुये संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल ने बताया कि शिक्षकों की पदोन्नित, प्रभारी प्रधानाध्यापकों के वेतन भुगतान, अनियमित रूप से काटे गये जीआईएस की वापसी सहित अन्य मांगों को लेकर बीएसए, लेखाधिकारी समेत सम्बंधित  अधिकारियों को अनेको पत्र, ज्ञापन दिया गया किन्तु स्थितियां ज्यों की त्यो बनी हुई हैं। इससे शिक्षकों में आक्रोश है। उच्चाधिकारी भी इस सम्बन्ध में अभी तक चुप्पी साधे हुये हैं। ऐसी स्थिति में मांगे न मानी गयी तो 6 नवम्बर से बीएसए कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया जायेगा। संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल ने बताया कि सचिव बेसिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा आदेश जारी कर कहा है कि 23 अक्टूबर तक वरिष्ठता सूची, पात्रता सूची और रिक्त पदों की सूची बीएसए सचिव परिषद कार्यालय को भेंज दें और 7 नवम्बर तक पदोन्नित आदेश जारी कर दे। इसके बावजूद बस्ती में बीएसए द्वारा अभी तक वरिष्ठता सूची का अनन्तिम प्रकाशन भी नहीं किया गया। इससे अध्यापकों की पदोन्नित   बाधित हो जायेगी। इसे देखते हुये 6 नवम्बर से बीएसए कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। जिससे 7 नवम्बर को शिक्षकों का पदोन्नित आदेश जारी कराया जा सके।
सम्बंधित उच्चाधिकारियों को भेजे पत्र में वरिष्ठता सूची जारी कर पदोन्नति पूरी करने, इंचार्ज प्रधानाध्यापकों के वेतन का भुगतान करने, जीआईएस/जीआईएसएस से जुड़े लंबित भुगतानों का निस्तारण करने, आकस्मिक अवकाश और वेतन कटौती की समस्याएं दूर करने तथा निलंबित शिक्षकों के मामलों का जल्द निस्तारण, जनगणना ड्यूटी में आ रही परेशानियों को दूर करने आदि की  मांग किया गया है।