हापुड़ न्यूज़ 

  गढ़मुक्तेश्वर में भी 80 वां स्वतंत्रता दिवस बेहद धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इसी क्रम में गढ़मुक्तेश्वर के 10 नंबर बिजली घर पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर भव्य रूप से तिरंगा फहराया। इस अवसर पर पूरा परिसर 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों और मां भारती पर अपनी जान निछावर करने वाले वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश त्यागी, जिलाध्यक्ष जीते चौहान व जिला प्रवक्ता श्याम सुंदर त्यागी ने कहा कि आज हम जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं, वह हमारे उन महान देशभक्तों और सैनिकों के त्याग, तपस्या और बलिदान का ही परिणाम है, जिन्हें हमें कभी नहीं भूलना चाहिए।

ध्वजारोहण के बाद वहां मौजूद छोटे-छोटे बच्चों ने उत्साह के साथ राष्ट्रगान गाया, जिसने सभी के दिलों में देशभक्ति की अलख जगा दी। इसके पश्चात उपस्थित लोगों में प्रसाद वितरित किया गया।

उत्सव और देशभक्ति के इस माहौल के बीच भाकियू टिकैत के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग से जुड़ी किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही जेई संजय कुमार को बैठाया गया और आपसी चर्चा के बाद जनहित से जुड़े कई मामलों का त्वरित निस्तारण कराया गया। 

इस ऐतिहासिक और गरिमामयी आयोजन में भाकियू टिकैत के  जिला कोषाध्यक्ष सुनील चौहान, तहसील अध्यक्ष नवदीप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष राजू ठाकुर, पिंटू चौहान, हर्ष चौहान, धर्मवीर सिंह, सतनाम सिंह, रविंद्र चौहान, नितिन चौहान, हरीश, प्रदीप चौधरी, पीके वर्मा, विकास दुबे, नेपाल लोधी और अंशु ठाकुर सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र के किसान व मजदूर भाई उपस्थित रहे।

मनजीत सिंह कि रिपोर्ट