विजय सिंह पथिक को श्रद्धांजलि: 14 मार्च को ऐच्छर में संगोष्ठी और सम्मान समारोह

गौरव शर्मा 
ग्रेटर नोएडा। स्वतंत्रता संग्राम के महान क्रांतिकारी, किसान नेता और समाज सुधारक विजय सिंह पथिक की जयंती के अवसर पर 14 मार्च को रामलीला मैदान, ऐच्छर (ग्रेटर नोएडा) में संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के तत्वावधान में आयोजित होगा, जिसमें समाज के बुद्धिजीवी, युवा वर्ग और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल होंगे। गुरुवार को अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के द्वारा ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के सेक्टर अल्फा वन कार्यालय में एक प्रेस वार्ता का आयोजन कर कार्यक्रम की जानकारी दी गयी। 
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने बताया कि विजय सिंह पथिक का जन्म 27 फरवरी 1882 को हुआ था और उनका मूल नाम भूप सिंह था। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के साथ-साथ किसानों के अधिकारों के लिए भी महत्वपूर्ण संघर्ष किया। राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र में किसानों पर लगाए गए भारी कर और बेगार जैसी अन्यायपूर्ण व्यवस्थाओं के खिलाफ उन्होंने किसानों को संगठित कर बिजौलिया किसान आंदोलन का नेतृत्व किया, जो भारतीय किसान आंदोलनों के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय माना जाता है।
महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष केपी कसाना ने कहा कि विजय सिंह पथिक का मानना था कि समाज की वास्तविक स्वतंत्रता तभी संभव है जब लोग शिक्षित और संगठित हों। उन्होंने किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और शांतिपूर्ण तरीके से अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा दी। वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोमेंद्र भाटी ने बताया कि विजय सिंह पथिक एक कुशल लेखक और पत्रकार भी थे। उन्होंने अपने लेखों और विचारों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देते हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष सुनील भाटी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के इतिहास से परिचित कराना और समाज में शिक्षा, जागरूकता तथा एकता का संदेश देना है। कार्यक्रम में कई प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति की संभावना है, जिनमें केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, विधान परिषद सदस्य अशोक कटारिया, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी और दादरी विधायक तेजपाल नागर प्रमुख रूप से शामिल हो सकते हैं।
राष्ट्रीय महासचिव रामकेश चपराना ने बताया कि संगोष्ठी में समाज के वरिष्ठजन विजय सिंह पथिक के जीवन और उनके संघर्षों पर अपने विचार रखेंगे तथा युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश देंगे। प्रेस वार्ता में हरिश्चंद्र भाटी राष्ट्रीय अध्यक्ष, सविंदर भाटी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, केपी सिंह कसाना राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, रामकेश चपराना राष्ट्रीय महासचिव, सुनील भाटी प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, अशोक भाटी गौतम बुध नगर जिला अध्यक्ष, मनवीर नागर, नामित भाटी, कृष्ण भाटी दीपक भाटी और अरुण नागर सहित अन्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर महान क्रांतिकारी विजय सिंह पथिक को श्रद्धांजलि देने की अपील की है।