हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर: दिल्ली के मुस्तफाबाद से बिजनौर जा रही बारात रविवार रात गढ़मुक्तेश्वर में भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में आर्टिका कार सवार 3 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि 10 लोग घायल हैं।

दैनिक तेजयुग न्यूज़

जानकारी के अनुसार बारात मुस्तफाबाद से स्कॉर्पियो N गाड़ियों में सवार होकर बिजनौर के लिए निकली थी। रात करीब 9:30 बजे जब  स्कॉर्पियो N गढ़मुक्तेश्वर स्थित ओल्ड राय होटल के सामने पहुंची तो सड़क पर अचानक आवारा पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में स्कॉर्पियो N अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूद गई और सामने से आ रही आर्टिका कार से सीधी टकरा गई।

दैनिक तेजयुग न्यूज़

आर्टिका कार रामपुर की तरफ से आ रही थी और उसमें 6 लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। आर्टिका में सवार 6 लोगों में से 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो और आर्टिका दोनों में बैठे कुल 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक जाम लगा रहा।