हापुड़ न्यूज़ 

गढ़मुक्तेश्वर: थाना क्षेत्र के गांव झड़ीना निवासी एक युवक ने शादी समारोह में मारपीट कर चांदी की चेन लूटने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना गढ़मुक्तेश्वर में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट को दी तहरीर में जावेद पुत्र निवासी ग्राम झड़ीना ने बताया कि 14 जून 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे वह गांव नाजिम कॉलोनी में अपने साढ़ू के यहां शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां अपने बड़े भाई के घर बैठा था, तभी सोनू पुत्र रईसुद्दीन उससे गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर सोनू, उसके पिता रईसुद्दीन, सलमान पुत्र रईसुद्दीन व दो अन्य अज्ञात युवक मौके पर आ गए और लाठी-डंडों व ईंटों से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसके गले में पड़ी चांदी की चेन भी छीन ली। 
शोर सुनकर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मारपीट में उसके शरीर में कई जगह चोटें आई हैं।पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


मनजीत सिंह कि रिपोर्ट