हापुड़ लॉ कॉलेज में अवैध प्रैक्टिकल शुल्क वसूली का आरोप, छात्रों ने डीएम से की शिकायत
गढ़मुक्तेश्वर के कल्याणपुर स्थित आईएलएएस (Institute of Law and Academic Studies) कॉलेज में प्रैक्टिकल के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली का आरोप लगा है। एलएलबी तृतीय वर्ष के छात्रों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।छात्रों का आरोप है कि एलएलबी छठे सेमेस्टर में मूट कोर्ट विषय के नाम पर कॉलेज प्रशासन द्वारा 2000 से 3000 रुपये तक अवैध शुल्क वसूला जा रहा है। जबकि सभी छात्रों ने करीब 2 माह पहले ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म भरते समय विश्वविद्यालय को प्रैक्टिकल शुल्क जमा करा दिया है। छात्रों ने जमा शुल्क की रसीद की छाया प्रति भी शिकायत के साथ संलग्न की है।
शिकायतकर्ता छात्रों ने बताया कि कॉलेज प्रशासन मनमाने तरीके से किसी से 2000 तो किसी से 2500 से 3000 रुपये तक ले रहा है। इस वसूली में कॉलेज के प्राचार्य एवं अध्यापक शामिल होने का आरोप है। छात्रों का दावा है कि उनके पास अवैध वसूली से संबंधित ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जो जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारी को उपलब्ध करा दी जाएगी।पीड़ित छात्रों ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर कॉलेज प्राचार्य एवं प्रशासन के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय को शुल्क देने के बाद दोबारा प्रैक्टिकल के नाम पर पैसा लेना नियमों के खिलाफ है।
इस संबंध में कॉलेज प्रशासन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मनजीत सिंह कि रिपोर्ट
0 Comment