उपजिलाधिकारी ने नगर पंचायत के कार्यों का किया समीक्षा:
 

विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की ली जानकारी 

राजेश शुक्ल

बनकटी / बस्ती
उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक और नगर पंचायत बनकटी की अधिशाषी अधिकारी ऋचा सिंह ने शनिवार को बनकटी नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में विकास योजनाओं के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर-5 में स्टेडियम निर्माण, वार्ड-2 चंद्र नगर में कार्यालय भवन निर्माण, देईसाड़ और बनकटी में वेंडिंग जोन के निर्माण कार्यों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त, अन्य वाडों में सीसी रोड और पथ प्रकाश व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

उन्होंने इन सभी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उप जिलाधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

इसके बाद, उप जिलाधिकारी शत्रुघ्न पाठक ने सीडीए एकेडमी विद्यालय की निदेशक श्रीमती अरुणा सिंह पाल के साथ बच्चों के पठन-पाठन का स्थलीय निरीक्षण भी किया।इस अवसर पर निवर्तमान मंडल अध्यक्ष विवेकानंद शुक्ल, अतुल पाल, आशीष श्रीवास्तव, प्रवेश दूबे, पवन पाल, राम मोहन पाल सहित अन्य वरिष्ठ गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।