किसी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए श्रम विभाग के कार्यालय में कर सकते हैं संपर्क
गौरव शर्मा l
ग्रेटर नोएडा l सहायक श्रम आयुक्त, गौतम बुद्ध नगर ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम कौन्दू, तहसील सिकन्दराबाद, जनपद बुलंदशहर में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश हेतु जारी विज्ञापन के बाद प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी (स्क्रीनिंग) पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि यह प्रवेश पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों, कोविड-19 महामारी के दौरान कोरोना से निराश्रित हुए बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चों के लिए आयोजित किया जा रहा है। विद्यालय में कक्षा 6 में कुल 180 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 80 बालकों और 80 बालिकाओं के लिए सीटें निर्धारित हैं। वहीं कक्षा 9 में कुल 65 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 31 बालक और 34 बालिकाएं शामिल हैं।
विज्ञापन के बाद प्राप्त आवेदनों की जांच के उपरांत कुल 253 आवेदन सही पाए गए, जिनके लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा 08 मार्च 2026 को राजकीय बालिका विद्यालय, होशियारपुर, सेक्टर-51, नोएडा को परीक्षा केंद्र बनाकर आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:30 बजे तक निर्धारित किया गया है।
परीक्षार्थी 08 मार्च 2026 को सुबह 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचें, ताकि समय पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके। सहायक श्रम आयुक्त ने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को परीक्षा से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा या अतिरिक्त जानकारी की आवश्यकता हो तो वे कार्यालय श्रम आयुक्त जी-25ए, सेक्टर-03 नोएडा आकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
0 Comment