हापुड़ न्यूज़ 

अमेरिका से ट्रेड डील के विरोध में हापुड़ कलेक्ट्रेट पर किसानों ने भरी हुंकार, ADM को सौंपा ज्ञापन


​हापुड़। अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार (21 जुलाई) को हापुड़ कलेक्ट्रेट परिसर किसानों के आक्रोश और नारों से गूंज उठा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले हापुड़ के जिलाध्यक्ष जीत चौहान के नेतृत्व में हजारों की संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और ज़ोरदार प्रदर्शन किया।
​ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और बसों से पहुंचे हजारों किसान
​सुबह से ही ज़िलेभर के किसान अपनी अपनी गाड़ियों, बसों और विशेषकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से कलेक्ट्रेट की ओर कूच करने लगे थे। कुछ ही देर में पूरा कलेक्ट्रेट परिसर किसानों की भीड़ और ट्रैक्टरों से पट गया। किसानों का साफ कहना था कि अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील भारतीय किसानों के हितों के पूरी तरह खिलाफ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
​जिलाध्यक्ष जीत चौहान के नेतृत्व में प्रदर्शन
​प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकियू (टिकैत) के जिलाध्यक्ष जीत चौहान ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा:
​"विदेशों से कृषि उत्पादों के बेरोकटोक आयात की नीति से देश का किसान बर्बाद हो जाएगा। हम सरकार को चेतावनी देते हैं कि ऐसी किसी भी किसान-विरोधी ट्रेड डील पर हस्ताक्षर न किए जाएं जो हमारे स्थानीय बाज़ार और किसानों की आजीविका को संकट में डाले।"
​ADM को सौंपा ज्ञापन
​अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी करने के बाद, भाकियू के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाध्यक्ष (ADM) को राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि:
​अमेरिका के साथ कृषि क्षेत्र से जुड़ी किसी भी हानिकारक ट्रेड डील को तुरंत रद्द किया जाए।
​देश के किसानों के हितों की रक्षा के लिए फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी दी जाए।
​किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया, तो किसान इस आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान भाकियू टिकैत के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और भारी संख्या में क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।

मनजीत सिंह कि रिपोर्ट