ओमप्रकाश गौतम
गढ़मुक्तेश्वर: चौधरी महेंद्र सिंह डिग्री कॉलेज, गढ़मुक्तेश्वर में साइबर सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना गढ़मुक्तेश्वर की साइबर विशेषज्ञ उपनिरीक्षक मुस्कान राय, कांस्टेबल सृष्टि, सोनम सैनी एवं रितिका चौहान ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ उपनिरीक्षक मुस्कान राय ने कहा कि आज के डिजिटल युग में इंटरनेट, ऑनलाइन बैंकिंग और सोशल मीडिया हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। इनके बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ रहा है। साइबर अपराधी फर्जी कॉल, लिंक, ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सावधान करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा निजी दस्तावेज साझा नहीं करने चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है।
कांस्टेबल सृष्टि ने सोशल मीडिया की सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के विषय पर छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय अपनी निजी जानकारी, फोटो और लोकेशन साझा करने में सावधानी बरतनी चाहिए। यदि किसी छात्रा को ऑनलाइन उत्पीड़न, अश्लील संदेश, फर्जी अकाउंट, धमकी अथवा साइबर धोखाधड़ी का सामना करना पड़े, तो उसे चुप रहने के बजाय अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी अनुचित व्यवहार के विरुद्ध आत्मविश्वास के साथ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए उन्हीने कहा कि एक सशक्त महिला न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना आवश्यक है। छात्राओं को डिजिटल रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी और स्वावलंबी बनाना वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। साइबर सुरक्षा का ज्ञान उन्हें ऑनलाइन दुनिया में सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने अधिकारों की रक्षा करने में भी सक्षम बनाता है।
छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से सभी को संदेश दिया गया कि सतर्कता, जागरूकता और समय पर शिकायत साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय हैं।
महाविद्यालय की ट्रस्टी चौधरी रेणुका सिंह ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए शिक्षा, सुरक्षा और जागरूकता अत्यंत आवश्यक हैं। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बनाया जा सकता है।
आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर पंकज कुमार शर्मा ने थाना गढ़मुक्तेश्वर से आए साइबर विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाविद्यालय छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विकास के साथ-साथ उनके सामाजिक, नैतिक और डिजिटल ज्ञान को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
इस अवसर पर कॉलेज ट्रस्टी चौधरी रेणुका सिंह, प्राचार्य डॉ. हरीश कुमार शर्मा, आईक्यूएसी कोऑर्डिनेटर पंकज कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक मुस्कान राय कांस्टेबल सृष्टि, सोनम सैनी, रीतिका चौहान, कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती मलका परवीन, बिजेंद्र कुमार, दिलशाद अहमद, ऋषभ स्वामी, पायल गुप्ता, श्वेता शर्मा, तनु शर्मा, मनोज कुमार सहित सभी सहायक आचार्य एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहें।
0 Comment